​पीलीभीत। स्थानीय सलोनी हॉस्पिटल में नीमा वूमेन फोरम, पीलीभीत द्वारा एक विशेष सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बाल वैज्ञानिकों की उपलब्धियों और उनकी प्रतिभा पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर बरहा कंपोजिट विद्यालय के कक्षा 6 के छात्र रितिक (पुत्र राजेंद्र कुमार) को उनकी विशिष्ट उपलब्धि के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। रितिक ने उत्तर प्रदेश सरकार की ‘राष्ट्रीय आविष्कार अभियान’ योजना के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय साइंस मॉडल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का मान बढ़ाया है।
​बाल वैज्ञानिक रितिक ने ‘एरोप्लेन क्रैश होने पर यात्रियों की सुरक्षा’ विषय पर एक अत्यंत उपयोगी मॉडल तैयार किया है। इस नवाचार के तहत, विमान क्रैश होने की स्थिति में पायलट के पास एक विशेष बटन उपलब्ध होगा, जिसे दबाते ही विमान से यात्रियों को पैराशूट के माध्यम से सुरक्षित नीचे उतारा जा सकेगा। छात्र की इस विलक्षण सोच और तकनीकी कौशल की उपस्थित चिकित्सकों व सदस्यों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
​कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही डॉ. अनूरीता सक्सेना और सचिव दीपा शर्मा के साथ फोरम के सभी सदस्यों ने रितिक को ₹1100 की नकद धनराशि, पटका और उपहार भेंट कर प्रोत्साहित किया। इस दौरान डॉ. अलका श्रीवास्तव, डॉ. मोनिका सभरवाल, डॉ. विनीत अग्रवाल, डॉ. पूजा गुप्ता, डॉ. मीरा गंगवार, डॉ. नीरा शर्मा, डॉ. वर्षा जौहरी, डॉ. नीलिमा, डॉ. सरिता कुलश्रेष्ठ और डॉ. शुचि ने छात्र को उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. दीपा शर्मा द्वारा किया गया और अंत में डॉ. अलका श्रीवास्तव ने सभी का आभार व्यक्त किया। सूक्ष्म जलपान के साथ सभा का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *