​पीलीभीत। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को स्थित गांधी स्टेडियम में एक भव्य कार्यक्रम और मेगा ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द और विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण उपस्थित अधिकारियों, पत्रकारों और आमजन द्वारा देखा व सुना गया। साथ ही प्रदेश सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द ने अपने संबोधन में कहा कि डबल इंजन की सरकार ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचा रही है।


​मेगा क्रेडिट कैंप के दौरान जनपद की विभिन्न बैंकों की 170 शाखाओं के माध्यम से कुल 72 लाभार्थियों को लगभग 6.23 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, स्टैंड-अप इंडिया और मुद्रा योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के तहत पात्र आवेदकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु यह कदम उठाया गया। इसके अतिरिक्त, उद्योग विभाग द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके लाभार्थियों को टूलकिट और प्रमाणपत्र वितरित किए गए, जबकि समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के 10 लाभार्थियों को विवाह सामग्री प्रदान की गई। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराएं, जिससे युवा और महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।

परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों और स्टालों का अवलोकन करते हुए अतिथियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास ने लाभार्थियों से ऋण की समयबद्ध अदायगी सुनिश्चित करने की अपील की ताकि अन्य लोग भी इसका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक राजकुमार सेठ, बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक शर्मा, नाबार्ड के डीडीएम सीपी त्रिवेदी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। वरिष्ठ पत्रकार मंसूर अहमद शमसी ने संचालन और अग्रणी जिला प्रबंधक ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *