गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा इलाके से इस वक्त की एक बहुत बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। गाजियाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बहुचर्चित सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी और कुख्यात गैंगस्टर असद को एक पुलिस मुठभेड़ (एनकाउंटर) में ढेर कर दिया है। मारे गए बदमाश असद के सिर पर पुलिस प्रशासन की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुरानी रंजिश में बकरीद पर की थी सूर्या की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी असद खोड़ा इलाके में अपना एक आपराधिक गैंग चलाता था। पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर असद का स्थानीय युवक सूर्या से विवाद चल रहा था। आरोप है कि असद ने एक सोची-समझी साजिश के तहत त्योहार (बकरीद) के मौके पर सूर्या को मिलने के लिए बुलाया और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इलाज के दौरान तोड़ा था दम, इलाके में बढ़ा तनाव
इस जानलेवा हमले में सूर्या गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे आनन-फानन में नोएडा के सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां जिंदगी और मौत से लड़ते हुए शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सूर्या ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूर्या की मौत की खबर फैलते ही खोड़ा इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और स्थानीय स्तर पर तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था।

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर
हत्याकांड को अंजाम देकर फरार हुए 50 हजार के इनामी असद की तलाश में पुलिस और स्वात (SWAT) की टीमें लगातार जुटी हुई थीं। मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस ने खोड़ा इलाके में असद की घेराबंदी की, तो उसने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान लेने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ (जवाबी कार्रवाई) की गई फायरिंग में असद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। इस एनकाउंटर के बाद पुलिस अब असद के गैंग से जुड़े अन्य बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *