मुजफ्फरनगर (UP)। उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर पुलिस ने शातिर ठगों के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो अपनी ऊंची डिग्री और यूट्यूब की तरकीबों का इस्तेमाल कर लोगों को चूना लगा रहा था। थाना नई मंडी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन पढ़े-लिखे दोस्तों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने फर्जी ट्रेडिंग कंपनियों के नाम पर अब तक करीब 50 से 60 लोगों को अपना शिकार बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी की है।
यूट्यूब से सीखा ठगी का ‘खेल’
पुलिस पूछताछ में जो खुलासा हुआ है वह बेहद हैरान करने वाला है। गिरफ्तार किए गए तीनों दोस्तों ने लोगों को अपने जाल में फंसाने और ठगी करने का पूरा तरीका वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब (YouTube) से सीखा था। इसके बाद उन्होंने बाकायदा प्लानिंग के तहत लोगों को निशाना बनाना शुरू किया।
BA, LLB और B-फार्मा डिग्रीधारी हैं ठग
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कथित रूप से हरेंद्र, दीपक और प्रवीण के रूप में हुई है। यह कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि बेहद उच्च शिक्षित (High-Educated) युवा हैं। इनमें से किसी ने कानून की पढ़ाई (LLB) की है, तो किसी ने बी-फार्मा (B.Pharma) और बीए (BA) किया है। अपनी इसी शिक्षा और अच्छी बोलचाल का फायदा उठाकर ये लोगों का भरोसा जीतते थे।
फर्जी कंपनियां और 12% ब्याज का लालच
पुलिस के अनुसार, कथित रूप से यह गैंग ‘ग्लोबल टेक रियल्टी कंपनी’ और ‘GT FX ट्रेडिंग कंपनी’ के नाम पर धोखाधड़ी का पूरा साम्राज्य चला रहा था। आरोपी खुद को इन कंपनियों में 60% का हिस्सेदार (पार्टनर) बताते थे। वे लोगों को फर्जी और नकली दस्तावेज दिखाकर हर महीने 10 से 12 प्रतिशत तक का भारी-भरकम ब्याज देने का लालच देते थे। ज्यादा मुनाफे के चक्कर में आकर लोग इनके पास अपनी गाढ़ी कमाई निवेश कर देते थे।
थाना नई मंडी पुलिस की बड़ी कामयाबी
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद हरकत में आई थाना नई मंडी कोतवाली पुलिस ने जाल बिछाकर इन तीनों शातिर दोस्तों को दबोच लिया। पुलिस ने इनके पास से फर्जी दस्तावेज और ठगी से जुड़ी सामग्री बरामद की है। पुलिस अब इन आरोपियों के बैंक खातों और ठगी गई रकम का पता लगाने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह में कुछ और लोग तो शामिल नहीं हैं।