रूद्रपुर। रूद्रपुर विधानसभा यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद तरुण नेगी ने कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के आवास पर पहुंच कर उनका आशीर्वाद लिया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने तरुण नेगी का गर्मजोशी से स्वागत कर उन्हें परंपरागत रूप से पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया एंव तरुण नेगी को जीत की बधाई देते हुए कहा कि युवाओं के हाथ में ही संगठन और देश का भविष्य सुरक्षित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तरुण नेगी के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस क्षेत्र में नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगी और युवाओं की समस्याओं को प्रखरता से उठाएगी। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम पार्षद राजू कोली का भी जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। स्वागत कार्यक्रम में मुख्य रूप से ललित बिष्ट, संजय ठुकराल और राजू गुप्ता उपस्थित रहे जिन्होंने तरुण नेगी और राजू कोली को अपनी शुभकामनाएं देते हुए संगठन के हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
——–