मैनपुरी UP। यहां मैनपुरी जिले के भोगांव थाने में कोर्ट के आदेश पर बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता श्रेयस तलपड़े और उनके 11 साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी तथा जालसाजी का संगीन मामला दर्ज किया गया है। जिससे एक बार फिर श्रेयस तलपड़े कानूनी मुश्किलों में फंस गए हैं।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के भोगांव के मोहल्ला मिश्राना निवासी शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि श्रेयस तलपड़े और उनके सहयोगियों ने कस्बे में स्थित मुंबई की एक बैंक शाखा के माध्यम से ग्रामीणों को निवेश का झांसा दिया। आरोप के मुताबिकरू ग्रामीणों को मोटा मुनाफा और निवेश पर भारी रिटर्न का लालच दिया गया। अभिनेता की साख का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीता गया और उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। जब निवेश की अवधि पूरी हुई, तो न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस की गई।
बताया जाता है कि जब पीड़ित की पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं हुई तो मजबूरन उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के कड़े रुख के बाद 10 फरवरी को भोगांव पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 420 (धोखाधड़ी) समेत अन्य सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज की है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, “कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक दस्तावेजों और गवाहों के बयान के आधार पर जांच जारी है। दोष सिद्ध होने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।“