नई टिहरी। हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस की स्मृति में जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर के मार्गदर्शन में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में करीब 300 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंडर-16 बास्केटबॉल, अंडर-18 हैंडबॉल और ओपन हॉकी बालक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं, बोराडी स्टेडियम में सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता आयोजित हुई। विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धीरेंद्र जोशी, प्रधानाचार्य ओंकारानंद सरस्वती नीलम, खेल विभाग के प्रशिक्षक वाहिद अहमद, अर्जुन प्रसाद, सनंत कुमार और अमित कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर खेल विभाग टिहरी की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

आयोजकों ने खिलाड़ियों को खेलों के प्रति निरंतर मेहनत करने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi