मुरादाबाद। एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चकबंदी अधिकारी प्रथम के पेशकार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पेशकार सुभाष के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ठाकुर ओमवीर सिंह ने गांव में चल रही चकबंदी प्रक्रिया के दौरान दस्तावेज तैयार कराने के लिए पेशकार सुभाष से संपर्क किया था। आरोप है कि दस्तावेज तैयार कर उपलब्ध कराने के नाम पर पेशकार ने उनसे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

बताया गया कि जून माह में इस संबंध में आदेश होने के बावजूद पेशकार द्वारा दस्तावेज तैयार कर उपलब्ध कराने में लगातार टालमटोल की जा रही थी। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की।

शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच की और रिश्वत लेते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम देने के लिए भेजा गया। जैसे ही पेशकार सुभाष ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी पेशकार को अपने साथ ले गई। टीम द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई के बाद चकबंदी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi