पीलीभीत। विकास भवन के गोमती सभागार में सोमवार को बाल विकास परियोजना के अंतर्गत नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं के लिए एक भव्य नियुक्ति पत्र वितरण एवं 27 आंगनबाड़ी केंद्रों के लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से किए गए बाल विकास परियोजना कार्यालयों के लोकार्पण एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ऑनलाइन माध्यम से देखा गया। जनपद स्तर पर आयोजित इस समारोह में बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के प्रतिनिधि व ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
​कार्यक्रम के दौरान बरखेड़ा परियोजना की 25 और शहर परियोजना की 13 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को आधिकारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। गांव और वार्ड स्तर पर महिलाओं को उनके निवास के समीप ही रोजगार मिलना किसी सपने के सच होने जैसा प्रतीत हो रहा था। गोमती सभागार का नजारा भावुक करने वाला था, जहां नियुक्ति पत्र पाकर महिला अभ्यर्थियों के चेहरों पर मुस्कान थी, वहीं बाहर खड़े उनके परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू साफ देखे जा सकते थे। कई लाभार्थियों ने अपनी मनोदशा साझा करते हुए बताया कि भले ही मानदेय कम हो, लेकिन अपने ही गांव और परिवार के बीच रहकर सम्मानजनक रोजगार मिलना उनके लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।


​नियुक्ति पत्र वितरण के साथ ही बाल विकास विभाग के केंद्रों के लिए शासन से प्राप्त ईसीसीई किटों, जिनमें फर्नीचर और खिलौने शामिल हैं, का भी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा वितरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की मुस्तैद कार्यप्रणाली के चलते आज महिलाओं के स्वावलंबन का सपना वास्तविकता में बदल रहा है। इस गौरवमयी अवसर पर बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बरखेड़ा की प्रभारी सीडीपीओ, शहर परियोजना के सीडीपीओ एवं मुख्य सेविकाओं सहित बड़ी संख्या में चयनित सहायिकाएं व उनके परिजन उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *