देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को शासकीय आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 134वां संस्करण सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की प्रेरणादायक कहानियों को देश के सामने रखते हैं, जिससे अन्य लोग भी जनहित और समाज सेवा के कार्यों के लिए प्रेरित होते हैं। आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के संदेश समाज को नई दिशा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे व्यक्तियों और प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मन की बात’ के ताजा संस्करण में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने और पारंपरिक भारतीय पेयों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही आम समेत भारतीय फलों की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने छात्रावास की छात्राओं से संवाद किया और उनसे ‘मन की बात’ के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अपनी रुचि के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छे प्रयास और सकारात्मक कार्य न केवल व्यक्ति को आगे बढ़ाते हैं, बल्कि दूसरों को भी प्रेरित करते हैं। निष्ठा और समर्पण के साथ किया गया कार्य समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करता है और दूसरों के लिए उदाहरण बनता है।
इस अवसर पर विधायक महंत दलीप सिंह रावत भी उपस्थित रहे।