पीलीभीत। बरेली मण्डल के मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी ने शुक्रवार को तहसील बीसलपुर का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने तहसील के विभिन्न पटलों का अवलोकन करते हुए दैनिक वसूली रजिस्टर, तालाब आवंटन रजिस्टर, पट्टा आवंटन रजिस्टर और तहसील दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहनता से जांच की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

निरीक्षण की कड़ी में मण्डलायुक्त ने पुराने पट्टा आवंटन स्थलों पर वृक्षारोपण की वर्तमान स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अभिलेखागार, कंप्यूटर रूम, रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय और संग्रह कार्यालय का भी बारीकी से निरीक्षण किया और वहां तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसील पहुंचे शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनते हुए उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी बीसलपुर, तहसीलदार बीसलपुर सहित तहसील प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।