पीलीभीत। ​आल इंडिया स्टेट बैंक आफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) अपनी विभिन्न न्यायोचित मांगों को लेकर पूरे भारतवर्ष में आंदोलन की राह पर है। संगठन के उत्तर प्रदेश परिक्षेत्र के सहायक महामंत्री श्री शैलेन्द्र गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बैंक प्रबंधन के अड़ियल रवैये और कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी के विरोध में आगामी 25 व 26 मई 2026 को पूरे देश में भारतीय स्टेट बैंक की सभी शाखाओं में पूर्णता हड़ताल रखी जाएगी। श्री गुप्ता के अनुसार, संगठन ने अपने अधिकारों और सुरक्षित भविष्य की लड़ाई के लिए आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत सूची जारी कर दी है, जिसके तहत कर्मचारी चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
​इसी आंदोलन की कड़ी में, बीते 11 मई को पूरे भारतवर्ष में भारतीय स्टेट बैंक के प्रशासनिक कार्यालयों (AO), क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालयों (RBO) और स्थानीय प्रधान कार्यालयों (LHO) पर कर्मचारियों द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। सहायक महामंत्री शैलेन्द्र गुप्ता ने स्पष्ट किया कि फेडरेशन की मुख्य मांगों में पर्याप्त स्टाफ, मेसेंजर और सशस्त्र गार्डों की नई भर्ती, पेंशन फंड मैनेजर बदलने का विकल्प, और वर्ष 2019 के बाद शामिल हुए कर्मचारियों के लिए इंटर सर्कल ट्रांसफर की सुविधा शामिल है। इसके अलावा, संगठन आउटसोर्सिंग और मिस-सेलिंग पर रोक लगाने, मेडिकल प्रतिपूर्ति में सुधार और वर्कमेन एम्प्लॉई डायरेक्टर की नियुक्ति की मांग कर रहा है। उन्होंने समस्त सम्मानित और संघर्षशील साथियों से इस एकजुटता को बनाए रखने और आगामी हड़ताल को पूर्ण रूप से सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *