पीलीभीत। पृथ्वी के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 22 अप्रैल 2026 को बेन-हर पब्लिक स्कूल के सभी परिसरों—बेन-हर पब्लिक स्कूल, बेन-हर किड्स वर्ल्ड (एकता नगर व बेन-हर रोड) और बेन-हर गुरुकुल (बेन-हर रोड व टनकपुर रोड)—में ‘अर्थ डे’ का भव्य आयोजन किया गया। बेन-हर इको क्लब के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम की रूपरेखा और सफल संचालन एक्टिविटी इंचार्जेस रोशनी बग्गा व गुरसेवक सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ इको क्लब के सदस्यों द्वारा पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालने के साथ हुआ, जहां छात्रों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की संस्थापिका रंजीत सैहमी, मैनेजिंग डायरेक्टर परविंदर सिंह सैहमी और गुरदित्त सिंह सैहमी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
पर्यावरण चेतना को बढ़ावा देते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या करिश्मा सैहमी और डॉ. निर्मल कौर ने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और धरती को बचाने का संदेश दिया। सभी शाखाओं के प्राइमरी विंग के नन्हे छात्रों ने एक प्रभावशाली नाटक के माध्यम से जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता का संदेश प्रसारित किया। इसके उपरांत, इको क्लब के सदस्यों ने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई। वृक्षारोपण की महत्ता को दर्शाते हुए विद्यालय के प्रभारी अधिकारियों ने परिसर में पौधरोपण किया। वहीं, प्लेग्रुप के छोटे बच्चों ने ‘हैप्पी अर्थ, हैप्पी लाइफ’ के नारे और नन्हे पौधों को लगाकर अपनी धरती को स्वच्छ रखने का संकल्प साझा किया।

विद्यार्थियों की रचनात्मकता को निखारने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक के छात्रों के लिए ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ के तहत चित्रकला, क्राफ्ट, पॉट मेकिंग और पेन स्टैंड बनाने की प्रतियोगिता हुई। कक्षा छठी से आठवीं के विद्यार्थियों ने भाषण, कोलाज मेकिंग और वेस्ट मटेरियल से पेपर बैग बनाकर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने पर जोर दिया। उच्च कक्षाओं (नौवीं से बारहवीं) के लिए ‘लेटर टू अर्थ’ विषय पर पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने पृथ्वी के प्रति अपनी भावनाओं और संरक्षण के सुझावों को शब्द दिए।

इस आयोजन को सफल बनाने में नर्सरी इंचार्जेस रीना सक्सेना व मोहिनी उपाध्याय, हेड मिस्ट्रेस निर्मला शर्मा, नेहा पांडेय, रचना वाधवा, पल्लवी पांडेय और ऐकडेमिक इंचार्ज आयुषी दीक्षित ने सक्रिय भूमिका निभाई और बच्चों के प्रयासों को सराहा। प्राइमरी शिक्षकों के विशेष सहयोग से संपन्न हुए इस कार्यक्रम का समापन स्वच्छ और हरित पृथ्वी के निर्माण की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाने में अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)