पीलीभीत। कलीनगर तहसील के ग्राम बूंदीभूड में शराब की दुकान के विरोध के दौरान महिलाओं पर हुए बर्बर लाठीचार्ज का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरप्रीत पाल सिंह चब्बा और शहर अध्यक्ष श्रीकृष्ण गंगवार के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पीड़ित महिलाओं के साथ सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल और सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन सिंह से मिला। कांग्रेस नेताओं ने इस पूरी घटना को अमानवीय बताते हुए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
घटना के विस्तृत विवरण के अनुसार, बूंदीभूड चौराहे पर नियमों को ताक पर रखकर मंदिर और विद्यालय के समीप शराब की दुकान खोली गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिलाधिकारी के आश्वासन के बावजूद दुकान नहीं हटाई गई। 7 मई को जब ग्रामीण महिलाओं ने वहां आबकारी और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में शराब की बिक्री और पुलिसकर्मियों द्वारा परिसर में ही शराब पीने का विरोध किया, तो प्रशासन के निर्देश पर उन पर लाठीचार्ज कर दिया गया। घायल महिला शीतल ने आरोप लगाया कि लाठीचार्ज के दौरान महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें की गईं और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। स्थानीय पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर घायलों ने खटीमा (उत्तराखंड) के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपना मेडिकल परीक्षण कराया, जहां कई महिलाओं को गंभीर चोटें और टांके आने की पुष्टि हुई है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रीत पाल सिंह चब्बा ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि योगी सरकार में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को दरकिनार कर शराब माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि माधोटांडा पुलिस ग्रामीणों को डराने और जेल भेजने की धमकियां दे रही है ताकि वे अपनी आवाज न उठा सकें। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि दोषी अधिकारियों और आबकारी निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो पार्टी बड़े स्तर पर जन-आंदोलन करने को बाध्य होगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक को संबोधित प्रार्थना पत्र भी सौंपा गया, जिसमें पूरी घटना का सिलसिलेवार ब्यौरा दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव नरेश शुक्ला, बरखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष हरीश कुमार सिंह मौर्य, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, पूर्व प्रधान चंद्रजीत राजभर सहित पीड़ित महिलाएं शीतल, रीमा देवी, किरन, गुड्डी देवी और ममता मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)