पीलीभीत। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने तथा वांछितों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीसलपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग की घटना में शामिल तीन वांछित अभियुक्तों को ग्राम उल्लिका पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान लाल सिंह उर्फ छोटू व मान सिंह (दोनों पुत्र राजेंद्र प्रसाद, निवासी ग्राम सिमरा अकबरगंज) तथा ओमपाल उर्फ उपदेश (पुत्र शिवशंकर दयाल, निवासी ग्राम ढकिया महक, थाना बीसलपुर) के रूप में हुई है।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध शस्त्र और कारतूस भी बरामद किए हैं। अभियुक्त लाल सिंह उर्फ छोटू के कब्जे से एक अदद अवैध देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। वहीं, दूसरे अभियुक्त मान सिंह के पास से एक अवैध तमंचा 12 बोर और एक जिंदा कारतूस तथा ओमपाल उर्फ उपदेश के कब्जे से घटना के दौरान इस्तेमाल किया गया एक लकड़ी का डंडा बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।
यह था पूरा मामला:
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 18 मई 2026 को ग्राम ढकिया महक निवासी लेखराज पुत्र बाबूराम ने थाने में एक लिखित तहरीर दी थी। पीड़ित का आरोप था कि अभियुक्तगण लाल सिंह उर्फ छोटू, मान सिंह और ओमपाल उर्फ उपदेश ने उनके साथ न सिर्फ मारपीट और गाली-गलौज की, बल्कि जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर भी झोंक दिया। तहरीर के आधार पर बीसलपुर पुलिस ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 234/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1)/115(2)/352 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके बाद 19 मई 2026 को यह गिरफ्तारी सफलता पूर्वक सुनिश्चित की गई।
इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सतीश चंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक मोहित सिंह, हेड कांस्टेबल मुनेश कुमार, कांस्टेबल परमजीत और कांस्टेबल पुष्पेंद्र शामिल रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)