पीलीभीत। आम आदमी पार्टी ने जनपद में अपने संगठन विस्तार और जनसंपर्क को गति देते हुए बीसलपुर विधानसभा के ग्राम करेली में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया। ‘गांव जोड़ो अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा के नेतृत्व और प्रांतीय उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी एडवोकेट सुनीता गंगवार की उपस्थिति में सैकड़ों ग्रामीणों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का सफल संयोजन रामशंकर दुबे और श्रीनिवास तिवारी द्वारा किया गय
सभा के दौरान संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गईं। रामशंकर दुबे को बीसलपुर विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि गिरजानन्दन को ग्राम पंचायत करेली का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी सुनीता गंगवार ने युवाओं से आह्वान किया कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए उन्हें धर्म, जाति और भेदभाव की राजनीति से ऊपर उठकर मुद्दों पर आधारित आवाज उठानी होगी। उन्होंने वर्तमान सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि आज किसान, छात्र, नौजवान और महिलाएं सभी त्रस्त हैं।

जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए आगामी पंचायत चुनावों के लिए बिगुल फूंका। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी पीलीभीत में पूरी मजबूती के साथ पंचायत चुनाव लड़ेगी। जिला महासचिव एडवोकेट संजय कुमार और पंचायत प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार भारती ने भी पार्टी की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘आप’ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सुरक्षा के बुनियादी मुद्दों पर राजनीति करती है। कार्यक्रम में अवनीश मिश्रा, हरिशंकर मौर्य, सुरेश गंगवार और रुंकू दिवाकर सहित कई प्रमुख पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। इस दौरान अरविंद मौर्य, बलजीत सिंह, अतुल दीक्षित और मनोज कुमार सहित सैकड़ों लोगों ने पार्टी का दामन थामकर बदलाव का संकल्प लिया।