सितारगंज। बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को पुलिस, श्रम विभाग और स्वयंसेवी संस्थाओं की संयुक्त टीम ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में होटल, ढाबों, दुकानों और वर्कशॉप का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को चेतावनी दी गई कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान में नाबालिग बाल श्रमिक कार्य करता मिला तो संबंधित स्वामी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), श्रम विभाग, एनजीओ आईएसडी और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने नकुलिया चौराहा, अमरिया बाईपास चौराहा और झंडा चौराहा क्षेत्र में अभियान चलाया। टीम ने होटल, ढाबों, दुकानों और वर्कशॉप संचालकों को बाल श्रम निषेध कानून की जानकारी देते हुए नाबालिगों से काम नहीं कराने की हिदायत दी। अभियान के दौरान मानव तस्करी, बाल भिक्षावृत्ति और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही पुलिस की आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi