पीलीभीत। क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र ग्राम पंचायत हरिपुर ता० चांदूपुर स्थित बाबा त्रेतानाथ शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण और विकास की राह आसान हो गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को पत्र लिखकर इस प्राचीन मंदिर के कायाकल्प का विशेष अनुरोध किया है। यह पहल ग्राम महुआ गुन्दे निवासी एवं पूर्व भाजपा मंडल महामंत्री अचलेन्द्र मिश्र ‘अचल’ के निरंतर प्रयासों और मांग के बाद शुरू हुई है।
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि अचलेन्द्र मिश्र ‘अचल’ द्वारा प्रेषित प्रार्थना पत्र के माध्यम से मंदिर के ऐतिहासिक महत्व और श्रद्धालुओं की सुविधाओं हेतु इसके सौंदर्यीकरण की आवश्यकता जताई गई थी। इसी संदर्भ में उन्होंने पर्यटन विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। मंदिर के विकास की इस प्रशासनिक पहल से पूरनपुर क्षेत्र के ग्रामीणों और शिव भक्तों में हर्ष का माहौल है।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि मंदिर का सौंदर्यीकरण होता है, तो इससे न केवल स्थानीय धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान भी सुदृढ़ होगी। अचलेन्द्र मिश्र ‘अचल’ ने इस सक्रियता के लिए केंद्रीय मंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा त्रेतानाथ शिव मंदिर लाखों लोगों की श्रद्धा का केंद्र है और इसके विकसित होने से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।