रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है पुलिस ने आरोपी के चंगुल से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है और अब दोनों को न्यायालय में पेश करने की वैधानिक प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती 28 नवम्बर 2025 को कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी लापता किशोरी बगवाड़ा क्षेत्र स्थित एक निजी कम्पनी में काम करती थी। परिजनों ने अपनी खोजबीन के बाद पुलिस को तहरीर दी जिसमें उन्होंने कम्पनी में ही साथ काम करने वाले लखबीर सिंह पुत्र प्रदीप निवासी जनपद गंगानगर (राजस्थान) पर उनकी बेटी को बहला- फुसलाकर भगा ले जाने का सीधा आरोप लगाया था। मामले की गम्भीरता को देखते हुए कोतवाल मनोज रतूड़ी ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई प्रियांशु जोशी को सौंपी थी। पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की और अंततः लखबीर सिंह को दबोचकर नाबालिग को बरामद कर लिया। कोतवाल ने बताया कि मामले की आगे की विवेचना अब महिला सब-इंस्पेक्टर नेहा राणा को सौंप दी गई है,नियमानुसार नाबालिग लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है ताकि मामले में पॉक्सो जैसी धाराओं के तहत अग्रिम साक्ष्य जुटाए जा सकें।