बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहाँ कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के जंगलों से निकलकर एक खूंखार तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस गया। आबादी में आते ही तेंदुए ने ताबड़तोड़ हमला कर तीन ग्रामीणों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, तेंदुआ अचानक जंगल से भटककर मोतीपुर इलाके के एक गांव में दाखिल हुआ। तेंदुए को अचानक सामने देख ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान तेंदुए ने हमलावर होते हुए गांव के नसीम, रहमान और जुबेर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ खुद को घिरता देख पास ही के एक रिहायशी मकान के अंदर घुस गया।
घर में घुसा तेंदुआ, गांव में मची रही अफरा-तफरी
तेंदुए के घर के अंदर दाखिल होते ही ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम को दी। तेंदुए के गांव में मौजूद होने की खबर से आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया और मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

वन विभाग ने ट्रेंकुलाइज कर तेंदुए को पकड़ा
सूचना मिलते ही वन विभाग की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम और मोतीपुर थाने की पुलिस भारी सुरक्षा अमले के साथ मौके पर पहुँची। वन कर्मियों ने जाल लगाकर पूरे मकान को चारों तरफ से घेरा। इसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए कमरे में बंद तेंदुए को ट्रेंकुलाइज (बेहोश करने का इंजेक्शन) गन से शॉट दिया।
तेंदुए के बेहोश होने के बाद वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित पिंजरे में बंद कर अपने साथ रेंज कार्यालय ले गई, जहाँ उसका मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तेंदुए को वापस सुरक्षित घने जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वहीं, तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।