पीलीभीत। जनपद में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए पूरनपुर कोतवाली के ठीक पीछे मोहल्ला गणेशगंज में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मकान कब्जाने की नीयत से आई एक महिला ने अपने 8-10 सहयोगियों के साथ मिलकर अपने ही भाई को घर से खींचकर सड़क पर घसीटा और बेरहमी से मारपीट की। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हमलावर युवक का गला दबाकर जान लेने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह रही कि बीच सड़क पर चलती इस गुंडागर्दी के दौरान भीड़ तमाशबीन बनी रही और कोई पीड़ित की मदद को आगे नहीं आया।
पीड़ित कुलबीर सिंह के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:15 बजे उनकी बहन मन मिंदर कौर बाजवा (जो वर्तमान में कनाडा में रहती है) अपने सहयोगी जगजीवन सिंह बाजवा और अन्य अज्ञात लोगों के साथ उनके घर पहुंची। आरोप है कि गेट खुलते ही हमलावरों ने कुलबीर को दबोच लिया और उसे घसीटते हुए सड़क पर ले आए। शोर मचाने और मदद की गुहार लगाने के बावजूद हमलावर उसे पीटते रहे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला और उसके सहयोगी जगजीवन को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
विवाद की जड़ जमीन और मकान का कब्जा बताया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि उसकी करीब 8 एकड़ जमीन और मकान पर उसकी बहनों की नजर है और यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। शहर के बीचों-बीच और कोतवाली के इतने करीब हुई इस वारदात ने स्थानीय निवासियों में दहशत पैदा कर दी है, विशेषकर तब जब क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)