रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के लिए गर्व की बात है कि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पत्रिका फेम इंडिया द्वारा प्रकाशित विशेषांक “सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026” में ‘जिम्मेदार’ श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान तथा टॉप-5 जिलाधिकारियों में शामिल किया गया है। यह सम्मान उनकी उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यशैली, जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और सुशासन के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का राष्ट्रीय स्तर पर मिला बड़ा सम्मान माना जा रहा है।

फेम इंडिया की ओर से देश के करीब 800 जिलों और हजारों प्रशासनिक अधिकारियों का मूल्यांकन कर विभिन्न श्रेणियों में 50 सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया में प्रशासनिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, जवाबदेही, नवाचार, संकट प्रबंधन, जनसंपर्क, त्वरित निर्णय क्षमता, जनहित के प्रति संवेदनशीलता और विकासोन्मुख सोच जैसे मानकों को आधार बनाया गया।

पत्रिका के अनुसार फील्ड रिपोर्ट, मीडिया विश्लेषण, विशेषज्ञों की राय, जन प्रतिक्रिया और प्रशासनिक उपलब्धियों के आधार पर नितिन सिंह भदौरिया को यह विशेष सम्मान प्रदान किया गया। उनकी जनकेंद्रित कार्यशैली, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पारदर्शी प्रशासन को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

डीएम भदौरिया के नेतृत्व में जनपद में विभिन्न विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, जनभागीदारी बढ़ाने और नवाचार आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों को भी विशेष पहचान मिली है।

उल्लेखनीय है कि पीएम जनमन योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए ऊधमसिंहनगर को भारत के राष्ट्रपति द्वारा “बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट” सम्मान भी मिल चुका है। इसके अलावा जनपद को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए दो सिल्वर मेडल भी प्राप्त हुए हैं।

डीएम नितिन सिंह भदौरिया को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल उनकी प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है, बल्कि पूरे ऊधमसिंहनगर जनपद और प्रशासनिक टीम के लिए भी गौरव का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *