नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज लोक प्रशासन और नागरिक सुविधाओं में सुधार के संकल्प के तहत रोहिणी स्थित अंबेडकर भवन में राजस्व विभाग के ई-सब रजिस्ट्रार कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के इस अचानक पहुंचे दौरे से कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर की स्वच्छता, टॉयलेट की स्थिति, बिजली (लाइट) व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया, जिसमें कई गंभीर कमियां और खामियां पाई गईं।

तत्काल व्यवस्था सुधारने के आदेश
औचक निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कार्यालय में साफ-सफाई, रखरखाव और नागरिक सुविधाओं की बदहाली को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

लापरवाही और भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “सरकारी कार्यालय जनता की सुविधा के केंद्र हैं। नागरिकों को सम्मानजनक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने अधिकारियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि लोक प्रशासन में किसी भी प्रकार की देरी, लापरवाही और भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री ने विभाग को सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर व्यवस्था में ठोस और स्थाई सुधार सुनिश्चित करने की हिदायत दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *