नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियान से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान राष्ट्रपति पेजेशकियान ने प्रधानमंत्री मोदी को पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों की जानकारी दी।
बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने विभिन्न पक्षों के बीच बनी मौजूदा सहमति का स्वागत करते हुए कहा कि सभी विवादों का समाधान संवाद और कूटनीतिक माध्यमों से किया जाना चाहिए। उन्होंने पश्चिम एशिया में स्थायी शांति और स्थिरता के साथ-साथ सुरक्षित नौवहन एवं निर्बाध व्यापार सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को बढ़ावा देने में प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत प्रयासों की सराहना की। ईरानी दूतावास के अनुसार, बातचीत के दौरान उन्होंने भारत में ब्रिक्स देशों के ऊर्जा मंत्रियों की बैठक के सफल आयोजन पर भी संतोष व्यक्त किया।
राष्ट्रपति पेजेशकियान ने भारत के साथ संबंधों को और मजबूत बनाने की ईरान की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते ऐतिहासिक विरासत, परस्पर विश्वास और सम्मान पर आधारित हैं।