रुद्रपुर। करीब चार साल से ‘राजनीतिक वनवास’ झेल रहे रुद्रपुर के पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल ने आखिरकार कांग्रेस का दामन थाम लिया। लम्बे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए ठुकराल ने नई दिल्ली स्थित 24 अकबर रोड पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की वहां दिग्गज नेताओं के समक्ष उत्तराखण्ड प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा द्वारा ठुकराल को कांग्रेस का पटका पहनाकर कांग्रेस की विधिवत सदस्यता ग्रहण कराते हुये बधाई दी। इस दौरान गणेश गोदियाल,यशपाल आर्य,हरक सिंह रावत, तिलक राज बेहड़,करन माहरा सहित उत्तराखण्ड के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस एक विशाल परिवार की तरह है जहां समाज के सभी वर्गों का सम्मान किया जाता है। आज जो नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं वह भाजपा की नीतियों से तंग आ चुके हैं और कांग्रेस पर आस्था और विश्वास जताते हुए तथा पार्टी को मजबूत करने के लिए जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कई अन्य नेता भी कांग्रेस में शामिल होंगे और कांग्रेस को और मजबूत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से देश को बचाने का राहुल गांधी ने संकल्प लिया है और चट्टान की तरह खड़े हुए हैं उनमें सभी कांग्रेसियों का पूर्ण सहयोग शामिल होगा और राहुल गांधी को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से राजकुमार ठुकराल समेत आधा दर्जन नेता कांग्रेस में शामिल हुए हैं उससे उत्तराखंड में कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी और आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जीत का परचम फहराएगी।श्री ठुकराल कल से दिल्ली में हैं वह अकेले दिल्ली गए थे लेकिन उनके कांग्रेस में शामिल होने की सूचना मिलते ही रुद्रपुर से सैकड़ों समर्थक आज सुबह कांग्रेस मुख्यालय पहुंच गए। वहां समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने अपने नेता के फैसले का स्वागत किया। राजनीतिक गलियारों में पिछले कुछ दिनों से ठुकराल के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं तेज थीं पार्टी आलाकमान से हरी झंडी मिलने के बाद उन्होंने दिल्ली पहुंचकर औपचारिक रूप से कांग्रेस जॉइन की। पिछले कुछ वर्षों से सक्रिय राजनीति में अलग-थलग पड़े ठुकराल के लिए यह कदम नई शुरुआत माना जा रहा है रुद्रपुर क्षेत्र में उनकी पकड़ को देखते हुए कांग्रेस को इससे मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आखिरकार कांग्रेस का हाथ थामकर अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू कर दी है अब उनकी इस नई पारी का असर आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में देखने को मिलेगा।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *