पीलीभीत। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में आयोजित होने वाली ‘पूर्णागिरी सीमा यात्रा’ की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से संपर्क किया है। इस संबंध में जिला मंत्री प्रवीन मोहन, बजरंग दल के जिला संयोजक परविंदर सिंह और जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रीतम शर्मा ने सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर उन्हें यात्रा के मार्ग और आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। पदाधिकारियों ने प्रशासन को अवगत कराया कि यह यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए मां पूर्णागिरी धाम के लिए प्रस्थान करेगी।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी संख्या और संवेदनशीलता को देखते हुए संगठन ने नगर भ्रमण के मार्ग पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट से मांग की है कि यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्रबंधन के उचित प्रबंध किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। सिटी मजिस्ट्रेट ने संगठन के प्रतिनिधियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)