​पीलीभीत। विकास खंड पूरनपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपालपुर और अजीतपुर बिल्हा (सिमरा घाट) में आदि गंगा मां गोमती नदी के पुनरुद्धार कार्य का विधि-विधान से पूजन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने आम जनता के साथ हाथों में फावड़ा थामकर नदी को पुनर्जीवित करने के लिए श्रमदान किया।
​इस जन अभियान के तहत गोमती नदी की अविरल जलधारा को बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य शुरू किया गया है। विधायक बाबूराम पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में गोमती नदी को स्वच्छ और पुनर्जीवित करने के संकल्प को धरातल पर उतारा जा रहा है। गोमती नदी इस क्षेत्र और पूरे जिले की पहचान है, जिसे पुनर्जीवित करने का असली काम जनसहभागिता और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों से ही संभव होगा। उन्होंने घोषणा की कि आगामी पर्यावरण दिवस के अवसर पर गोमती नदी के तटों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण भी कराया जाएगा।
​जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि जनपद में 47 किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी 16 ग्राम पंचायतों में गोमती नदी के कायाकल्प का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इस पुनीत कार्य में सभी ग्रामीणों से योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि नदियों का पुनर्जीवित होना प्रकृति के संतुलन के लिए बेहद जरूरी है। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
​नदी पुनरुद्धार के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने अपील की कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाएं। बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। पात्र नागरिक अपने नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जनसेवा केंद्र के माध्यम से यह कार्ड निःशुल्क बनवा सकते हैं। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, ग्राम प्रधान सहित भारी संख्या में ग्रामवासी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi