सीतापुर। पुलिस पर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए सेवता विधानसभा के विधायक ज्ञान तिवारी रविवार को कार्यकर्ताओं के साथ रामपुर मथुरा थाने के फर्श पर धरने पर बैठ गए हैं।
विधायक के अनुसार, एक मुंडन संस्कार के कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने न केवल खलल डाला, बल्कि मेहमानों के साथ मारपीट की और परोसे गए खाने के बर्तन जमीन पर फेंक दिए।
विधायक ने थाना प्रभारी, दीवान और सिपाही की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस पर अवैध वसूली के भी आरोप लगाए हैं। विधायक के धरने की खबर मिलते ही महमूदाबाद के क्षेत्राधिकारी (ब्व्) वेद प्रकाश श्रीवास्तव उन्हें मनाने पहुंचे, लेकिन विधायक दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। कार्यकर्ताओं का समर्थनः विधायक के साथ भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण भी थाने के भीतर धरने पर बैठे हैं, जिससे पुलिस प्रशासन दबाव में है।