पीलीभीत। थाना बीसलपुर पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हुए चोरी के शातिर अभियुक्त सुल्तान पुत्र इरफान को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है। अभियुक्त सुल्तान मूल रूप से कस्बा व थाना बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर (भट्टे वाली गली) का निवासी है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे खण्डहर गोवल कोठी से धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस पूरे मामले की शुरुआत 8 जून 2026 को हुई थी, जब बीसलपुर के पटेलनगर निवासी राकेश कुमार ने सुल्तान के खिलाफ अपने घर से दो मोबाइल फोन और एक बैटरी चोरी करने के संबंध में मुकदमा (मु0अ0सं0 281/2026 धारा 305(ए) बीएनएस) दर्ज कराया था। अगले ही दिन, 9 जून 2026 को पुलिस ने सुल्तान को चोरी के माल समेत गिरफ्तार भी कर लिया था। लेकिन चिकित्सीय परीक्षण के बाद जब पुलिसकर्मी उसे न्यायालय ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी सीएचसी बीसलपुर के पास सुल्तान पुलिसकर्मियों को धक्का देकर अभिरक्षा से फरार हो गया था। इस दुस्साहस पर उसके खिलाफ बीसलपुर थाने में एक और मुकदमा (मु0अ0सं0 282/2026 धारा 261/262 बीएनएस) दर्ज किया गया था।
अभियुक्त के फरार होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी थीं, जिसके परिणामस्वरूप 13 जून 2026 को उसकी दोबारा गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सुल्तान एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ बीसलपुर थाने में चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और हत्या के प्रयास (धारा 307) जैसी गंभीर धाराओं में पहले से ही 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विपिन कुमार, उपनिरीक्षक अतुल चौधरी, हेड कांस्टेबल मुनेश कुमार, कांस्टेबल सन्नी कुमार और कांस्टेबल रवि कुमार शामिल रहे।