पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत से संबद्ध जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पैरामेडिकल प्रथम वर्ष के छात्र ने कथित रूप से अपनी सहपाठी छात्रा पर सीटी स्कैन कक्ष के भीतर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को पहले जिला अस्पताल में उपचार दिया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा को बचाने का प्रयास करने वाली अस्पताल की स्टाफ कर्मी निधि भी हमले में घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार बरेली निवासी 22 वर्षीय कशिश पटेल और कानपुर निवासी 24 वर्षीय सागर, दोनों पैरामेडिकल टेक्नीशियन प्रथम वर्ष के छात्र थे। मंगलवार सुबह किसी पुराने विवाद और कथित प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपी सागर ने अपने साथ लाए धारदार चाकू से छात्रा के गले पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी गर्दन की मुख्य रक्त वाहिकाएं क्षतिग्रस्त हो गईं और अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। इसी दौरान छात्रा को बचाने के लिए आगे आईं स्टाफ कर्मी निधि भी घायल हो गईं। मेडिकल कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दाहिया सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। वहीं कॉलेज की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने इमरजेंसी में हाई अलर्ट घोषित कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से छात्रा का उपचार कराया। चिकित्सकों ने करीब दो घंटे तक छात्रा की जान बचाने का प्रयास किया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे एएलएस एंबुलेंस से बरेली रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्रा ने बताया कि पहले दर्ज किए गए मुकदमे को अब छात्रा की मौत के बाद हत्या की धाराओं में परिवर्तित किया जा रहा है। आरोपी छात्र पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम, घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।