पीलीभीत। जनपद में नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में शुक्रवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। विकासखण्ड ललौरीखेड़ा के ग्राम वारनावदा में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने संयुक्त रूप से एडवांस्ड रिन्यूगैज एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित किए जा रहे सीबीजी (कंप्रेस्ड बायोगैस) प्लांट का विधि-विधान से भूमि पूजन किया। लगभग 40 से 42 करोड़ रुपये की लागत से 5 एकड़ भूमि में तैयार होने वाले इस प्लांट का सीधा संबंध एचपीसीएल से होगा। इस अवसर पर अधिकारियों ने प्लांट के मॉडल का अवलोकन किया और कंपनी के प्रतिनिधियों से इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

परियोजना के तकनीकी पहलुओं पर जानकारी देते हुए प्रतिनिधियों ने बताया कि शुरुआत में इस प्लांट की क्षमता 6 से 7 टन प्रतिदिन होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 9 से 10 टन प्रतिदिन तक पहुँचाया जाएगा। यह प्लांट ‘वेस्ट टू वेल्थ’ (कचरे से कंचन) की अवधारणा पर आधारित है, जो पराली, मंडी के अवशेषों और जैविक कचरे से बायो-सीएनजी तैयार करेगा। इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। जिलाधिकारी ने इस परियोजना को जनपद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे किसानों को पराली जैसे अवशेषों का उचित मूल्य मिलेगा और क्षेत्रीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। भूमि पूजन के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, कंपनी के निदेशक व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।