पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र के मीरपुर हेमूपुरा गांव में सोमवार रात करंट लगने से एक अधेड़ दंपति की सोते समय मौत हो गई।
बिलसंडा थाना अध्यक्ष जगदीप मलिक ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मीरपुर हेमूपुरा निवासी हरिशंकर कुशवाहा (52 वर्ष) और उनकी पत्नी कमला देवी (50 वर्ष) गांव के तिराहे पर बने एक मकान में अकेले रहते थे। सोमवार देर रात लगभग 11:00 बजे हरिशंकर एक विवाह समारोह से दावत खाकर घर लौटे थे और अपनी पत्नी के साथ सो गए थे।
बिलसंडा थाना पुलिस के अनुसार मृतकों के बेटे संत कुमार ने बताया मंगलवार सुबह लगभग 7:00 बजे जब वह मकान के अगले हिस्से में बनी परचून की दुकान खोलने पहुंचा, तो उसने कमरे में हरिशंकर और कमला देवी को मृत अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा। मां कमला देवी के चेहरे पर एक टेबल फैन चिपका हुआ था। पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि रात में सोते समय टेबल फैन में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। मृतक दंपति के दूसरे बेटे भाई लाल और अन्य परिजनों ने तत्काल बिलसंडा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलने पर आला अधिकारियों सहित राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर जांच के लिए पहुंची। क्षेत्रीय लेखपाल राजकुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों को ‘कृषक दुर्घटना बीमा’ योजना के तहत सरकारी मुआवजा दिलाया जाएगा। इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। बिलसंडा पुलिस मौत के सही कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रही है।