पीलीभीत। शहर कोतवाली से महज 20 मीटर की दूरी पर स्थित एक कन्फेक्शनरी दुकान में सोमवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उसने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान और फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
​मिली जानकारी के मुताबिक, शहर के मोहल्ला पंजाबियान निवासी नसीम की कोतवाली के पास कन्फेक्शनरी की दुकान है। सोमवार तड़के करीब 3:00 बजे बंद दुकान के भीतर से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं। सन्नाटे के बीच उठीं भयंकर लपटों को देख हड़कंप मच गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों और गश्त कर रही पुलिस टीम ने तत्काल दमकल विभाग को घटना की सूचना दी।
​सूचना पर पहुँची फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों की करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। हालांकि, तब तक दुकान का सारा सामान खाक हो चुका था। समय रहते दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से पानी की बौछारें कर आग बुझा दिए जाने से आसपास की अन्य दुकानें चपेट में आने से सुरक्षित बच गईं।
​मामले की जानकारी देते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अनुराग सिंह ने बताया कि सोमवार तड़के दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया था। टीम की त्वरित कार्रवाई से एक घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने की प्राथमिक वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi