पीलीभीत (जहानाबाद)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र से बुजुर्ग माता-पिता के उत्पीड़न का एक बेहद हृदयविदारक मामला सामने आया है। यहाँ के ग्राम नवादा दास में संपत्ति के बंटवारे के बाद अपनों ने ही इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। जमीन-जायदाद हाथ में आते ही बेटों और बहुओं ने मिलकर अपनी ही बुजुर्ग माँ को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से बेदखल कर दिया। पीड़िता ने शनिवार को जहानाबाद कोतवाली पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायती पत्र सौंपा है और न्याय की गुहार लगाते हुए अपनी जान की सुरक्षा मांगी है।
जमीन बांटने के बाद भी नहीं भरा पेट, बहुओं और बेटों ने मिलकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, ग्राम नवादा दास की रहने वाली बुजुर्ग पीड़िता रुकमणी देवी पत्नी हरिराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी जीवितावस्था में ही अपनी पूरी संपत्ति का न्यायसंगत बंटवारा अपने जीवित बेटों और दिवंगत बेटों के बच्चों (पोतों) के बीच कर दिया था। इसके बावजूद परिवार के कुछ लालची सदस्य उनके हिस्से की संपत्ति पर भी नजर गड़ाए हुए हैं। पीड़िता का आरोप है कि उनकी बहुओं—चन्द्रबती, खेमवती व नैनाबती समेत बेटे मुन्ना लाल, पोते पिन्दू और गुड्डू ने एक राय होकर उनके साथ पहले गंदी-गंदी गालियां दीं और विरोध करने पर बुजुर्ग शरीर पर लात-घूंसों की बरसात कर दी।
बचाने आए दूसरे बेटे को भी पीटा, दाने-दाने को मोहताज की बुजुर्ग माँ
रुक्मणी देवी ने बताया कि जब इस मारपीट के दौरान उन्हें बचाने के लिए उनका दूसरा बेटा लेखराज आगे आया, तो दबंग आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा और उसके साथ भी जमकर मारपीट की। रोती हुई बुजुर्ग माँ ने पुलिस को बताया कि आरोपी बेहद क्रूरता पर उतारू हैं; वे उनके हिस्से का गेहूँ और धान (राशन) भी उन्हें नहीं दे रहे हैं, जिससे उनके सामने खाने का संकट खड़ा हो गया है। हद तो यह है कि वह इस वक्त जिस अस्थाई जगह पर रह रही हैं, दबंग वहाँ से भी उन्हें जबरन खदेड़ने का प्रयास कर रहे हैं और लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
पहले भी दो बार दे चुकी हैं प्रार्थना पत्र, अब तक नहीं हुई कोई ठोस कार्रवाई
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन के ढुलमुल रवैये पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वह इस प्रताड़ना और जान के खतरे को लेकर पहले भी स्थानीय थाने में दो बार प्रार्थना पत्र दे चुकी हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई न होने के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। पीड़िता ने गुहार लगाई है कि पुलिस तत्काल इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करे, उनकी पैतृक जगह वापस दिलाए और उन्हें खाने के लिए उनका हक दिलवाए। जहानाबाद पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।