पीलीभीत। जनपद के थाना बीसलपुर अंतर्गत टिकरी टोल प्लाजा पर वीआईपी लेन से वाहन निकालने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद दबंगों ने जो कोहराम मचाया, वह हैरान करने वाला है। कार सवार पांच युवकों ने टोल कर्मी के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसे जबरन अपनी कार में डालकर अपहरण कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और कुछ ही दूरी पर अपहृत कर्मी को सकुशल बरामद करते हुए सभी पांचों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 मई को शाम करीब 4:30 बजे टिकरी टोल प्लाजा पर कार सवार कुछ युवक वीआईपी लेन से गुजरने की जिद कर रहे थे। इस दौरान राहुल तोमर नामक टोल कर्मी ने जब नियमों का हवाला दिया, तो युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे जबरन स्विफ्ट कार (संख्या UP 26 AX 5493) में बैठाकर अगवा कर लिया। इस दुस्साहसिक घटना की जानकारी जैसे ही बीसलपुर पुलिस को मिली, महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने तत्काल वाहन का पीछा किया। पुलिस की सक्रियता देख घबराए अभियुक्तों ने थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम पिपरा के पास नहर पटरी पर पीड़ित को गाड़ी से फेंक दिया और भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रोहित पटेल, राजकमल कश्यप, सन्तोष गंगवार उर्फ रिंकू, योगेन्द्र गंगवार और अंकुर गंगवार शामिल हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है और मामले में कठोर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।