पीलीभीत। पीलीभीत प्रीमियर क्रिकेट लीग (सीजन-1) के रोमांचक मुकाबलों में बहेड़ी बुल्स और बजरंग 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज की। लीग का चौथा मुकाबला बहेड़ी बुल्स और लवली किंग्स के बीच खेला गया, जिसमें बहेड़ी बुल्स ने लवली किंग्स को 30 रनों से शिकस्त दी। इस मैच में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ क्रिकेटर गोल्डी सिंह उपस्थित रहे। मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बहेड़ी बुल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 180 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से असद नदफ ने 1 छक्के और 6 चौकों की मदद से सर्वाधिक 39 रन बनाए, जबकि यश मिश्रा ने 33 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। लवली किंग्स की तरफ से गेंदबाजी में फिरोज ने सर्वाधिक तीन विकेट और अभय प्रजापति ने दो विकेट चटकाए।
जीत के लिए 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लवली किंग्स की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी। लवली किंग्स की तरफ से नातिक अली ने सर्वाधिक 58 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। बहेड़ी बुल्स के असद नदफ को उनके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस मैच में अंपायरिंग की भूमिका फैजान और रिजवान ने निभाई, जबकि कमेंट्री नातिक ने की।
वहीं, लीग के पांचवें मुकाबले में बजरंग 11 ने गोल्ड हंटर्स को छह विकेट से हरा दिया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गोल्ड हंटर्स की टीम सभी विकेट खोकर 162 रनों पर सिमट गई। गोल्ड हंटर्स की ओर से आजम ने सर्वाधिक 32 रन, अफनान ने 28 रन और अरशान ने 25 रनों का योगदान दिया। बजरंग 11 की तरफ से धारदार गेंदबाजी करते हुए लक्ष्य शर्मा ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बजरंग 11 की टीम ने महज 15.3 ओवरों में ही जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। बजरंग 11 की इस आसान जीत में विक्की धुस्सा ने 78 रनों की धुआंधार पारी खेली, जबकि लक्ष्य शर्मा ने बल्ले से भी कमाल दिखाते हुए 33 रन बनाए। शानदार ऑलराउंड खेल के लिए लक्ष्य शर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया।