पीलीभीत। नगर पालिका परिषद द्वारा 15वें वित्त आयोग की योजना के अंतर्गत वार्ड नंबर 21 में कराए गए महत्वपूर्ण सीसी मार्ग और नाला निर्माण कार्य का लोकार्पण पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल द्वारा किया गया। उन्होंने विधिवत फीता काटकर इस मार्ग का उद्घाटन किया, जिसमें सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह नवनिर्मित सड़क यशवन्तरी देवी मार्ग से लेकर राम लढ़ेते दीक्षित के आवास, एलआईयू ऑफिस, ठेका चौकी होते हुए मुनेंद्र दिवाकर के मकान तक निर्मित की गई है।
यह मार्ग प्रशासनिक और आमजन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी मार्ग पर सिटी का यातायात कार्यालय, ठेका चौकी, लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) और महिला थाना स्थित है। लंबे समय से यह मार्ग जर्जर अवस्था में था, जिसके कारण गहरे गड्ढे और जलभराव की समस्या बनी रहती थी। प्रतिदिन इस रास्ते से गुजरने वाले पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इस निर्माण के बाद आवागमन सुगम और सुरक्षित हो गया है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि नगर क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सड़क और नाले के निर्माण से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का संकल्प शहर के प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़क, नाली, सफाई और प्रकाश जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर सभासद साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, निर्मल सिंह, विपिन गंगवार, विकास बाबू, राशिद हुसैन, इकबाल हजरत, अनस अंसारी, सुनीता सिंह, पंकज तिवारी, अरुण उपाध्याय, रोहित रॉय, सुमित ठाकुर और अंशु राजपूत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने सड़क निर्माण के लिए पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया
खबरों की हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए ‘Adhunik Duniya’ पोर्टल और हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें। ‘आधुनिक दुनिया’ – आपकी खबर, हमारी नजर।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)