बारातबोझ और अमरिया के विद्यालयों में परखी शिक्षा व्यवस्था, निर्माणाधीन लैब व मल्टीपरपज हॉल का काम जल्द पूरा करने के निर्देश

पीलीभीत। जिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा अमरिया ब्लॉक के जूनियर हाई स्कूल बारातबोझ और राजकीय इंटर कॉलेज अमरिया का औचक निरीक्षण किया गया। कंपोजिट विद्यालय बारातबोझ के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के परिवेश, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा छात्र-छात्राओं से सवाल-जवाब कर शिक्षा व्यवस्था को परखा। इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया और कक्षा आठ की छात्रा अंजलि से बेहिचक अंदाज में कविता सुनी, जिस पर उन्होंने छात्रा की पीठ थपथपाते हुए उसका उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानाध्यापक छत्रपाल आर्य से विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और सहायक अध्यापक संगीता वर्मा सहित अन्य स्टाफ की उपस्थिति में पठन-पाठन की स्थिति का जायजा लिया।
​इसी क्रम में जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज अमरिया का भी निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने कक्षा दस की छात्रा सुरभि, उमरा और नैंसी गुप्ता से प्रोजेक्टर एवं किताबों के माध्यम से पढ़वाकर शिक्षा के स्तर की जाँच की। इसके पश्चात उन्होंने परिसर में निर्माणाधीन भौतिक एवं रसायन लैब तथा मल्टीपरपज हॉल का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को अवशेष कार्यों को अतिशीघ्र पूर्ण करने और हैंडओवर की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने के कड़े निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार अमरिया सहित दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं अध्यापकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi