पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) के तत्वावधान में वन्यजीव प्रबंधन हेतु दो दिवसीय ‘क्षमता विकास कार्यशाला’ का शानदार शुभारंभ बुधवार को हुआ। वृत्त कार्यालय के वन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य वन संरक्षक (रुहेलखंड जोन, बरेली) पी.पी. सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस कार्यशाला का उद्देश्य वनकर्मियों को वन्यजीवों के रेस्क्यू ऑपरेशन में दक्ष बनाना और उनकी कार्यक्षमता में गुणात्मक सुधार लाना है। मुख्य वन संरक्षक ने इस पहल के लिए प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह की सराहना करते हुए कार्यशाला की सफलता हेतु शुभकामनाएं दीं।
​कार्यशाला के प्रथम दिन विशेषज्ञों ने वन्यजीवों की पहचान और उनके सुरक्षित रेस्क्यू पर गहन प्रशिक्षण दिया। टी.एस.ए. फाउंडेशन के डायरेक्टर डॉ. शैलेंद्र सिंह ने सरीसृप जीवों जैसे मगरमच्छ, घड़ियाल, पैंगोलिन, अजगर और विभिन्न प्रकार के सांपों के साथ-साथ बाघ, तेंदुआ, भालू और बारहसिंगा जैसे स्तनधारी जीवों के आधुनिक रेस्क्यू विधियों की जानकारी दी। उन्होंने घायल वन्यजीवों के त्वरित उपचार और उनकी पहचान के तकनीकी पहलुओं को विस्तार से समझाया। वहीं, वाइल्डलाइफ एसओएस के डॉ. गोचलन ई. ने ‘मैमल्स रेस्क्यू’ और ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट’ पर सत्र लिया, जिसमें उन्होंने कहानियों और अपने अनुभवों के माध्यम से वनकर्मियों को कठिन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के गुर सिखाए।


​प्रशिक्षण के दौरान फील्ड कार्मिकों को रेस्क्यू उपकरणों के सही उपयोग और वन्यजीवों के सुरक्षित परिवहन के बारे में भी प्रयोग करके दिखाया गया। जयपुर से आए डॉ. उदय ने सर्प रेस्क्यू का व्यावहारिक प्रदर्शन किया, जबकि डॉ. सौरभ देवान ने ‘वाइल्डलाइफ फॉरेंसिक’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर वनकर्मियों को प्रशिक्षित किया। प्रथम दिन का समापन समूह चर्चा के साथ हुआ, जिसमें कार्मिकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। यह कार्यशाला कल दिनांक 12 फरवरी 2026 को भी जारी रहेगी।
​इस अवसर पर पीटीआर के डीएफओ मनीष सिंह, प्रभागीय निदेशक भरत कुमार डी.के., प्रशिक्षु आईएफएस हिमांशु वाबले, उप प्रभागीय वनाधिकारी रमेश चौहान व रुद्र प्रताप सिंह सहित टी.एस.ए. फाउंडेशन की अरुणिमा सिंह, हर्षित सिंह और दोनों वन प्रभागों के क्षेत्रीय वनाधिकारी मोह के सहेंद्र यादव बराही के अरुण मोहन श्रीवास्तव माला के रोबिन सिंह दियोरिया के लल्लन प्रसाद दीक्षित हरिपुर के शहीद अहमद, पीलीभीत के विनीत कुमार श्रीवास्तव श्रीवास्तव बीसलपुर के रोहित जोशी सहितअग्र पंक्ति के फील्ड कार्मिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *