पीलीभीत। जनपद के थाना घुंघचाई क्षेत्र में एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 9 जुलाई 2026 को एक महिला (वादिनी) ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला गुरफाम उर्फ गुलफान उसे चॉकलेट और खाने-पीने की चीज दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर थाना घुंघचाई में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) और 5M/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा अपराध संख्या 94/2026 पंजीकृत किया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना के ही दिन यानी 9 जुलाई 2026 को आरोपी गुरफाम उर्फ गुलफान (उम्र करीब 22 वर्ष), पुत्र नूर हसन, निवासी ग्राम ज्ञानपुर महोलिया को मटहैना चौराहे के पास पुलिया से दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए माननीय न्यायालय पीलीभीत के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस त्वरित और सराहनीय कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार, उपनिरीक्षक (उ0नि0) अहमद अली, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे।