​पीलीभीत। जनपद की होनहार बेटी जसकौर बिंद्रा ने हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय रायपुर के दीक्षांत समारोह में इतिहास रच दिया है। जसकौर ने बीए एलएलबी (ऑनर्स) में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 स्वर्ण पदक हासिल किए, साथ ही उन्हें कुलाधिपति द्वारा एक विशेष गोल्ड मेडल से भी नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान सर्वोच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति सूर्यकांत के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। शहर के प्रतिष्ठित अस्त्र-शस्त्र कारोबारी जी.एस. बिंद्रा की पोती और अजीत सिंह बिंद्रा की सुपुत्री जसकौर की इस उपलब्धि से पूरे जिले और विशेषकर अशोक कॉलोनी स्थित उनके निवास पर खुशी की लहर दौड़ गई है।


​शुरू से ही मेधावी रही जसकौर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय बेनहर पब्लिक स्कूल से पूर्ण की। अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी रैंक के पीछे भागने के बजाय विषयों को गहराई से समझने पर ध्यान केंद्रित किया। अपनी लॉ की पढ़ाई के दौरान उन्होंने दिल्ली में भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल स्वर्गीय रूपिंदर सिंह सूरी और अन्य प्रतिष्ठित लॉ फर्मों में इंटर्नशिप कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। वर्तमान में वह दिल्ली में कॉर्पोरेट सेक्टर में अपनी सेवाएं दे रही हैं। जसकौर ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय बेनहर स्कूल के प्रबंध निदेशक पी.एस. सहमी, प्रिंसिपल रणजीत सहमी, अपने शिक्षकों और परिवार के मार्गदर्शन को दिया है।
​बेटी की इस स्वर्णिम सफलता पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। पुष्प इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. एस.पी.एस. संधू ने फोन पर परिवार को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही परविंदर सिंह सहमी, सरदार सिंह चावला, पूजा कोहली, भटनागर परिवार, डॉ. एस.के. अग्रवाल, डॉ. सेठी और रोटरी क्लब के सदस्यों सहित शहर के गणमान्य नागरिकों ने बिंद्रा परिवार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *