पीलीभीत। घरेलू विवाद के बाद एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पत्नी द्वारा शराब पीने से रोकने और पौव्वा फेंक दिए जाने से नाराज युवक ने देर रात घर में ही फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव बक्सपुर निवासी रोहित (26 वर्ष) ने अपने ही घर में रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह जब परिजन जागे तो रोहित का शव फंदे से लटका मिला। यह देख परिजनों के होश उड़ गए और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाल सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
शराब का था आदी, पत्नी ने फेंक दी थी शराब
पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित शराब पीने का आदी था। मंगलवार को वह शराब का पौव्वा लेकर घर आया था, जिस पर पत्नी ने विरोध जताते हुए पौव्वा फेंक दिया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी भी हुई थी। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था। परिजनों ने बताया कि विवाद के बाद रोहित अपने कमरे में सोने चला गया था, लेकिन देर रात किसी समय उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पत्नी और बच्चों के सामने टूटा दुखों का पहाड़
रोहित मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पत्नी का
पोस्टमॉर्टम को लेकर हुई नोकझोंक
पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार किया, जिसको लेकर पुलिस और परिजनों के बीच नोकझोंक भी हुई। काफी समझाने के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम कराने के लिए तैयार हुए।
कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया घरेलू विवाद के चलते युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।