पीलीभीत। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) की जिला इकाई ने अपने संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी के नेतृत्व में नगर पंचायत नौंगवा की नई इकाई का औपचारिक गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रांतीय संगठन मंत्री जितेंद्र कुमार गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष डालचंद सक्सेना और मंडल मंत्री रतन नाथ मिश्रा बतौर मुख्य अतिथि मंचासीन रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए राहुल शर्मा को नगर पंचायत नौंगवा का नया अध्यक्ष घोषित किया गया।
नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए राहुल शर्मा के साथ राकेश गंगवार को महामंत्री, अखिलेश गंगवार को कोषाध्यक्ष और हरविंदर सिंह टूटेजा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त अनूप चौहान को उपाध्यक्ष, आकाश सिंह को संगठन मंत्री, हरविंदर सिंह सन्धू को मंत्री तथा कमलेश कुमार व राम गोपाल गोयल को सदस्य मनोनीत किया गया। जिला पदाधिकारियों ने नवनियुक्त सदस्यों को माला पहनाकर संगठन में उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी ने संगठन के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह व्यापार मंडल 53 वर्ष पुराना है, जिसकी नींव स्वर्गीय पंडित श्याम बिहारी मिश्रा और स्वर्गीय लाला विशंभर दयाल ने काशी की पावन धरा पर रखी थी। आज यह संगठन एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है जो निरंतर व्यापारियों के हितों की रक्षा कर रहा है।

नवनियुक्त अध्यक्ष राहुल शर्मा ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि वे संगठन के विचारों को घर-घर तक पहुँचाएंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि नौंगवा के प्रत्येक छोटे-बड़े व्यापारी को संगठन से जोड़ा जाएगा और उनके सम्मान व सुरक्षा के लिए पूरी टीम समर्पित होकर कार्य करेगी। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री स्वतंत्र देवल ने किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष जंग बहादुर गंगवार, जिला महामंत्री पीयूष अग्रवाल और युवा नगर अध्यक्ष प्रतीक सक्सेना सहित अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।