ललितपुर | उत्तर प्रदेश: जनपद के नेशनल हाईवे 44 (NH-44) पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। मिली जानकारी के अनुसार, एक चलती हुई स्लीपर बस में अचानक धुआं उठने से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बस आग की लपटों से घिर गई, जिससे बस के भीतर चीख-पुकार मच गई।
जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदे यात्री
यह रूह कंपा देने वाली घटना ललितपुर के भौरसिल गांव के पास हाईवे पर हुई। बताया जा रहा है कि बस में पर्यटकों का दल सवार था। जैसे ही चलती बस से आग की लपटें और काला धुआं निकलने लगा, यात्रियों में अपनी जान बचाने की होड़ मच गई। दरवाजे तक पहुंचना मुश्किल देख, पर्यटकों ने बस के कांच और खिड़कियां तोड़ीं और जान जोखिम में डालकर बाहर छलांग लगा दी।
धूं-धूं कर जली बस, नेशनल हाईवे पर लगा जाम
आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग का गोला बन गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस हादसे के चलते हाईवे पर यातायात काफी देर तक बाधित रहा।
गनीमत रही कि नहीं हुई कोई जनहानि
शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, हालांकि कूदने के कारण कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस प्रशासन ने बस मालिक और फिटनेस मानकों की जांच के निर्देश दिए हैं।
आधुनिक दुनिया: खबर वही, जो सच के करीब।
ललितपुर और उत्तर प्रदेश की हर महत्वपूर्ण खबर और अपडेट के लिए जुड़े रहें न्यूज़ पोर्टल तथा पेज ‘आधुनिक दुनिया’ [Adhunik Duniya] के साथ।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)