पीलीभीत। जनपद की प्रतिभावान बेटी निकिता जायसवाल को महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने समाजशास्त्र विषय में पीएचडी की मानद उपाधि प्रदान की है। निकिता जायसवाल ने अपने शोध प्रबंध (थिसिस) का कार्य “कोविड 19 का नगरीय समाज पर प्रभाव का समाजशास्त्रीय अध्ययन” विषय पर सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्होंने यह महत्वपूर्ण शोध उपाधि महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. सत्येंद्र नारायण के कुशल निर्देशन व मार्गदर्शन में संपन्न किया। निकिता जायसवाल ने अपनी इस बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि का विशेष श्रेय अपने पति गौरव जायसवाल को दिया है, जिन्होंने उनके शोध सफर में निरंतर उनका सहयोग किया।
इस विशेष उपलब्धि पर शिक्षा जगत और स्थानीय संभ्रांत नागरिकों में हर्ष का माहौल है। उपाधि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर दुष्यंत कुमार, दुर्गेशधर द्विवेदी, कविता कनोजिया, प्रोफेसर प्रणव शर्मा, डॉ. अमित कुमार और डॉ. गजेंद्र कुमार सहित उनके परिवारजनों, शुभचिंतकों एवं इष्टमित्रों ने निकिता जायसवाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।