रुद्रपुर/नानकमत्ता। नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के मामले का नानकमत्ता पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम 6/7 अगस्त की रात मुकदमा संख्या 173/2026 में वांछित आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में गश्त कर रही थी। मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा कर गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में आरोपी की घेराबंदी की। मोटरसाइकिल फिसलने के बाद आरोपी पैदल झाड़ियों की ओर भाग गया और वहां से भी पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस के मुताबिक कई बार चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने दो साथियों दीपक सिंह निवासी झनकट और मनोज भाटिया निवासी बानूसी के साथ मिलकर 5 अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी। पुलिस ने आरोपी पर पीड़ित के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने का भी आरोप बताया है। मामले में दीपक सिंह और मनोज भाटिया को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस, लूटा गया भूरे रंग का पर्स, 1,220 रुपये भारतीय मुद्रा, 30 रुपये नेपाली मुद्रा, एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल, पासपोर्ट साइज फोटो तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
गिरफ्तार आरोपी
गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, पुत्र मंजीत सिंह, निवासी बेरीघाट, कोतवाली खटीमा, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र करीब 30 वर्ष।
पुलिस टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उपनिरीक्षक राजेन्द्र पंत, उपनिरीक्षक मनोज जोशी, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल मोहम्मद इमरान, कांस्टेबल नवीन जोशी और चालक कांस्टेबल नरेन्द्र बोरा शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।