पीलीभीत। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत बिलसंडा विकासखंड के छात्र-छात्राओं में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और रुचि जगाने के उद्देश्य से एक विशेष ब्लॉक स्तरीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मौर्य के निर्देशन में आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण के तहत बच्चों को भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI), बरेली ले जाया गया। विकास खंड बिलसंडा और पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बमरौली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में कुल तीन बसों के जरिए ब्लॉक स्तर के 100 और बमरौली विद्यालय के 30 बच्चों ने प्रतिभाग किया। संस्थान पहुँचने पर बच्चों ने वहां के स्टाफ के मार्गदर्शन में चिड़ियाघर, संग्रहालय और पशु चिकित्सालय का उत्सुकता से भ्रमण कर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

भ्रमण के दौरान छात्रों को पशु अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान सहित नाभिकीय अनुसंधान प्रयोगशाला और पशु आनुवांशिकी विभाग की कार्यप्रणाली को देखने का अवसर मिला, जो उनके लिए एक बिल्कुल नया और प्रेरणादायक अनुभव था। इसके अलावा बच्चों ने केंचुआ पालन और जैविक खाद बनाने की वैज्ञानिक प्रक्रिया को भी करीब से समझा। खंड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मौर्य ने बच्चों को विज्ञान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें निर्देशित किया कि वे संस्थान में देखी गई बारीकियों को अपनी डायरी में नोट करें ताकि यह अनुभव उनके भविष्य के काम आ सके। इस शैक्षिक भ्रमण को सफल बनाने में एआरपी मुन्ना, शिव प्रकाश मिश्रा, शैलेन्द्र, सोमपाल राठौर, गजेंद्र सिंह, फैजान अली, अमित वर्मा, नरेंद्र सिंह, प्रेमपाल, रामवीर, महेश तथा पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बमरौली से संजय कुमार, गोपेश शर्मा और रेखा देवी सहित कई शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।