​पीलीभीत। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने तीन वर्षीय कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश करते हुए विकास की उपलब्धियों को विस्तार से साझा किया। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग, सभासदों की सहभागिता तथा केंद्र व प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में नगर पालिका ने विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 13 मई 2023 को जनता ने उन्हें भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर नगर पालिका अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसके बाद शपथ ग्रहण के समय लिए गए समग्र विकास के संकल्प को पूरी निष्ठा के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है। पालिकाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की नीति पर चलते हुए शहर में जनहित से जुड़े सभी कार्य पूरी पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कराए गए हैं।
​प्रेस वार्ता में बुनियादी ढांचे की मजबूती का जिक्र करते हुए पालिकाध्यक्ष ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में शहर में 154 से अधिक सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया गया है। इसके अलावा, शहर को जलभराव की पुरानी समस्या से निजात दिलाने के लिए लगभग 20 बड़े नालों का निर्माण कराया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था बेहद मजबूत हुई है। शहर की प्रकाश व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए 173 हाईमास्ट लाइटें, करीब 6900 एलईडी बल्ब और लाइटें स्थापित की गई हैं, जबकि नौगवां ओवरब्रिज पर विशेष रूप से 66 पोल लगाकर उसे पूरी तरह रोशन किया गया है। पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए जलकल विभाग के माध्यम से दूधिया मंदिर रोड, आवास विकास और वाटर वर्क्स कंपाउंड में नए नलकूप लगाए गए हैं। साथ ही, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर आरओ वाटर कूलर लगाने के अलावा रोडवेज बस स्टेशन स्थित आरओ वाटर प्लांट का जीर्णोद्धार कर उसे दोबारा शुरू कराया गया है और गर्मियों में नागरिकों की सुविधा के लिए मोबाइल प्याऊ संचालित किए जा रहे हैं।
​शहर के सौंदर्यीकरण और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि वंदन योजना के तहत ऐतिहासिक गौरीशंकर मंदिर जाने वाले मार्गों का निर्माण कराकर वहां बेंच, लाइट और वाटर कूलर जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा, निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए कान्हा गौशाला का निर्माण कराया गया। शहर को सुंदर लुक देने के लिए नेहरू पार्क, दामोदर दास पार्क, खकरा पार्क, रामस्वरूप पार्क, कलेक्ट्रेट चौराहा और नकटादाना चौराहा स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण कराया गया है, जबकि नगर पालिका परिसर में ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है और गांधी स्टेडियम में खिलाड़ियों की भव्य प्रतिमाओं का लोकार्पण हुआ है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि शहर के ऐतिहासिक घंटाघर का पुनरुद्धार कर उसे पुनः चालू करा दिया गया है, जिसकी घंटियों की आवाज अब पूरे शहर में गूंज रही है। इसके साथ ही मेस्टन लाइब्रेरी को गेस्ट हाउस के रूप में विकसित करने, वाटर वर्क्स कंपाउंड में शादी व कम्युनिटी हाल तथा नगर पालिका कार्यालय के सामने डिजिटल पुस्तकालय एवं संग्रहालय निर्माण के कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं।
​पालिकाध्यक्ष ने आगे कहा कि नगर पालिका ने भौतिक विकास के साथ-साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों को भी बढ़-चढ़कर बढ़ावा दिया है। इसमें नवरात्र के दौरान डांडिया नाइट, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक अवसर पर भव्य रथ यात्रा, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती कार्यक्रम, पतंग उत्सव और स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह जैसे आयोजन शामिल रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका ने बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों और क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य कराए हैं। पत्रकार वार्ता के अंत में उन्होंने भविष्य में भी पीलीभीत को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और विकसित शहर बनाने का संकल्प दोहराते हुए सभी शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। इस महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *