किच्छा/रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर): देवभूमि में भरोसे का कत्ल करने वाला एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। किच्छा के एक युवक ने अपने दोस्त की मदद करने के लिए उसे लाखों की लग्जरी कार फाइनेंस करवा कर दी, लेकिन दोस्त ने दिल्ली से फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और चलती गाड़ी को केरल के एक डीलर को बेच दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

दोस्ती की आड़ में बुना ठगी का जाल

नजीमाबाद (किच्छा) निवासी जसवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके दोस्त शि व म ने उनकी मुलाकात रुद्रपुर की फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी ध्रु व  से कराई थी। जिसने जसवीर को झांसा दिया कि अगर वह एक गाड़ी फाइनेंस करवा दे, तो वह उसे कंपनी में लगाकर किश्तें भरता रहेगा और दोनों की आर्थिक स्थिति सुधर जाएगी। जसवीर ने दोस्त पर भरोसा किया और महिंद्रा फाइनेंस से इनोवा क्रिस्टा (UK 06 AI 3222) किस्तों पर लेकर दोस्त को सौंप दी।

किश्तें बंद कीं और दिल्ली से रची बड़ी साजिश

शुरुआत में दो-तीन किश्तें जमा करने के बाद आरोपी ने नुकसान का बहाना बनाकर हाथ खड़े कर दिए। जब जसवीर ने दबाव बनाया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि आरोपी ने दिल्ली के किसी गिरोह के साथ मिलकर गाड़ी के फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उत्तराखंड की गाड़ी को हजारों किलोमीटर दूर केरल में एक डीलर को बेच दिया।

हिसाब मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी

जब पीड़ित जसवीर ने अपनी गाड़ी और पैसों का हिसाब मांगा, तो आरोपी ध्रुव अपनी असलियत पर उतर आया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। ठगी का शिकार हुए जसवीर ने थक-हारकर पुलिस की शरण ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब गाड़ी की बरामदगी के लिए कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।


(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *