पीलीभीत। जनपद के बिलसंडा क्षेत्र के हेमपुर गांव की होनहार छात्रा एकता गौतम ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड के नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड विद्यालय से कक्षा 10 की परीक्षा अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण कर मिसाल पेश की है। दृष्टिबाधित दिव्यांग श्रेणी में आने वाली एकता शुरू से ही मेधावी रही हैं। उन्होंने वर्ष 2014 में समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित एक्सीलरेटेड लर्निंग कैंप में तीन वर्षों तक प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी।
उत्तर प्रदेश के स्थानीय क्षेत्रों में उपयुक्त विशेष विद्यालय न होने के कारण, एकता के पिता प्रेमचंद ने अपनी आर्थिक तंगी की परवाह किए बिना बेटी का दाखिला हल्द्वानी स्थित नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड स्कूल में कराया। वहां एकता ने ब्रेल पद्धति के माध्यम से शिक्षा ग्रहण की और अपनी कड़ी मेहनत व अटूट जज्बे के बल पर यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की। बेटी की इस सफलता से माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।
छात्रा की इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और सहयोगियों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्पेशल एजुकेटर मनीष श्रीवास्तव, रामदास और अन्य साथियों ने इस सफलता को प्रेरणादायी बताया। वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह और समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक राकेश पटेल ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की है।